Bikaner Division sets a new record by interchanging 182 trains in a single day.
नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर मंडल ने एक दिन में 182 ट्रेनों का इंटरचेंज कर बनाया नया रिकॉर्ड,बीकानेर मंडल ने रेल परिचालन के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रविवार 27 सितम्बर को बीकानेर मंडल ने 182 ट्रेनों का सफल इंटरचेंज कर अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। इनमें 86 ट्रेनों को मंडल से पास आउट किया गया तथा 96 ट्रेनों को मंडल में रिसीव (इन) किया गया।
बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने बताया कि इससे पूर्व 5 अगस्त को भी 172 ट्रेनों का इंटरचेंज किया गया था। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, यांत्रिक, वाणिज्य, सुरक्षा सहित सभी विभागों के बेहतर समन्वय, सतत निगरानी तथा रेल कर्मचारियों की प्रतिबद्ध कार्यशैली का परिणाम है।
बेहतर ट्रेन संचालन और निर्बाध इंटरचेंज से मंडल की समयपालनता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक एवं विश्वसनीय रेल सेवा प्राप्त हो रही है तथा गाड़ियाँ अपने निर्धारित समय पर गंतव्य तक पहुँच रही हैं।
















