नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। राजस्थान स्टेट रोडवेज एम्प्लॉइज यूनियन का 18वां प्रदेश अधिवेशन शुरू, राजस्थान स्टेट रोडवेज एम्प्लॉइज यूनियन (एटक) का 18वां दो दिवसीय प्रदेश अधिवेशन रविवार से बीकानेर में जैसलमेर रोड स्थित जाट धर्मशाला के कॉमरेड नारायण सिंह सभागार में शुरू हुआ। यह अधिवेशन कामरेड शौकत उस्मानी, मार्क्सवादी चिंतक गिरधारी लाल व्यास, जन कवि हरिवंश भादाणी की नगरी में हो रहा है। अधिवेशन के उद्घाटन सत्र अध्यक्षता यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड एम.एल. यादव ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) की राष्ट्रीय महासचिव एवं वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ ट्रेड यूनियन्स की अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष कॉमरेड अमरजीत कौर ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में एटक राजस्थान के प्रदेश महासचिव कॉमरेड कुणाल रावत उपस्थित रहे। अधिवेशन में आये डेलिगेट्स का स्वागत नोखा विधानसभा क्षेत्र की विधायिका श्रीमती सुशिला रामेश्वर डूडी ने किया।
राष्ट्रीयकृत मार्गों की बहाली, नई बसों की खरीद और रिक्त पदों पर भर्ती सहित कर्मचारियों की मांगों पर हुआ मंथन
यूनियन की ओर से जारी सूचनाओं के अनुसार अधिवेशन में रोडवेज के सर्वांगीण विकास और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इनमें राष्ट्रीयकृत मार्गों की बहाली, नई बसों की खरीद, रिक्त पदों पर भर्ती तथा सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मांगों के समाधान जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। यूनियन की ओर से अधिवेशन के प्रमुख मुद्दों में रोजगारोन्मुखी विकास, साम्प्रदायिक सद्भाव तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा को भी शामिल किया गया। इसके अलावा केन्द्र सरकार द्वारा लाई गई श्रम संहिताओं की वापसी तथा श्रमिक-किसान-छात्र विरोधी नीतियों के विरोध का मुद्दा भी अधिवेशन में उठाया गया। अधिवेशन में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, कर्मचारियों की मांगों तथा रोडवेज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श कर प्रस्ताव पारित किए गए। यूनियन के पदाधिकारियों के अनुसार अधिवेशन का उद्देश्य कर्मचारियों की लंबित मांगों को संगठित रूप से उठाने के साथ रोडवेज के विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा करना रहा।
प्रदेशभर से पहुंचे प्रतिनिधि
प्रदेश पदाधिकारियों में कृष्णगोपाल गुप्ता – प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, श्रीमती सुशीला रामेश्वर डूडी – विधायक नोखा, अध्यक्ष स्वागत समिति, जसनेल सिंह – प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी बीकानेर क्षेत्र, श्यामदीन भुट्टो – क्षेत्रीय अध्यक्ष, धर्मवीर चौधरी – प्रदेश महासचिव, मदनगोपाल बिश्नोई – सचिव स्वागत समिति, हरिराम पांडिया – प्रदेश सचिव, रामेश्वर भास्कर – क्षेत्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, रोशन अली – बीकानेर शाखा अध्यक्ष, रामदेव मेघवाल – कार्यकारी अध्यक्ष, साहिल कुमार चारण – सचिव, मनोज कुमार – श्रीगंगानगर शाखा अध्यक्ष, अमरजीत सिंह – कार्यकारी अध्यक्ष, संजय कुमार झाझड़िया – सचिव, देवालाल बिश्नोई – हनुमानगढ़ शाखा अध्यक्ष, संदीप शर्मा – कार्यकारी अध्यक्ष, लखवीर सिंह – सचिव, देवीलाल सीलू– अनूपगढ़ शाखा अध्यक्ष, जलंधर सिंह – कार्यकारी अध्यक्ष, उग्रसेन – सचिव, बलवान पूनिया – सदाशहर शाखा अध्यक्ष, शिशपाल सेन – कार्यकारी अध्यक्ष, हरिराम सैनी – सचिव समारोह में मौजूद रहे।
















