Samachar Seva

Mission Patrkarita

रैगिंग रोकने को एसपी मेडिकल कॉलेज बीकानेर प्रशासन सख्त

नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा) रैगिंग रोकने को एसपी मेडिकल कॉलेज बीकानेर प्रशासन सख्त, सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने रैगिंग की रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में हुई एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक में सुरक्षित एवं भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।

24 घंटे सुरक्षा व सीसीटीवी निगरानी

नवप्रवेशित छात्रों के लिए अलग बॉयज हॉस्टल चिन्हित किया गया है, जहां 24 घंटे सुरक्षा कर्मियों और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। वरिष्ठ छात्रों को 15 से 28 सितंबर तक अवकाश पर भेजा गया है। कॉलेज प्रशासन ने अभिभावकों से भी बच्चों को रैगिंग से दूर रखने की अपील की है।

रैगिंग की शिकायत के लिए कॉलेज का टोल फ्री नंबर 1800-180-6233 जारी किया गया है। साथ ही कॉलेज एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा निजी पीजी व हॉस्टलों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक सत्र के शुरुआती तीन महीनों में प्रत्येक पखवाड़े रेंडम सर्वे भी कराया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रैगिंग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।