नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। राजकीय डूंगर महाविद्यालय में मंगलवार को ‘दिवेर विजय महोत्सव’ के अंतर्गत ‘विजयी योद्धा एवं कुशल प्रशासक के रूप में महाराणा प्रताप का यशस्वी चरित्र’ विषय पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बीएससी छठे सेमेस्टर की संजू कंवर ने प्रथम, बीए पांचवें सेमेस्टर की प्रियंका ने द्वितीय तथा बीए द्वितीय सेमेस्टर के निखिल चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने महाराणा प्रताप के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जीवन युवाओं को कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, आत्मसम्मान की रक्षा करने तथा राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। निर्णायक मंडल में डॉ. शेर सिंह कुड़ी, डॉ. महेंद्र सिंह नरावत एवं डॉ. धीरज शर्मा शामिल रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेंद्र पुरोहित ने कहा कि दिवेर युद्ध भारतीय इतिहास की महत्वपूर्ण एवं अविस्मरणीय घटना है। इस अवसर पर वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. विक्रमजीत, प्रो. सुखाराम, डॉ. घनश्याम बीठू, डॉ. निर्मल कुमार रांकावत, डॉ. विजय प्रकाश साहू सहित महाविद्यालय के अनेक संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।









