Samachar Seva

Mission Patrkarita

कांग्रेस के नेताओं ने एडीएम सिटी को सौंपा ज्ञापन,  श्रीडूंगरगढ़ में बने ट्रॉमा सेंटर  

NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय सचिव सलीम भाटी एवं कांग्रेस नेता नित्यानंद पारीक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को बीकानेर में एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपकर श्रीडूंगरगढ़ में लंबे समय से प्रस्तावित ट्रॉमा सेंटर का निर्माणको लेकर अतिरिक्त नगर मजिस्ट्रेट रीना को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में सेवादल के राजेश दाधीच, कांग्रेस नेता दलीप सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

ज्ञापन में सरकार से आवंटित भूमि पर बिना विलंब ट्रॉमा सेंटर का निर्माण शुरू कराने की मांग की गई। ज्ञापन के दौरान सलीम भाटी ने कहा कि बीकानेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के कारण श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।

भूमि ट्रॉमा सेंटर के लिए उपलब्ध

उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती राज्य सरकार के कार्यकाल में हिंदू-मुस्लिम समाज के गणमान्य लोगों की सहमति से विवादित भूमि ट्रॉमा सेंटर के लिए उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद स्वायत्त शासन विभाग ने उक्त भूमि चिकित्सा विभाग को आवंटित कर पट्टा भी जारी कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद आज तक ट्रॉमा सेंटर का निर्माण शुरू नहीं हो सका।

जनहित के मुद्दे पर राजनीति नहीं

कांग्रेस नेता नित्यानंद पारीक ने कहा कि क्षेत्र के भामाशाह ट्रॉमा सेंटर के निर्माण एवं आवश्यक सहयोग के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनका आरोप था कि सरकार बदलने के बाद ट्रॉमा सेंटर के लिए निर्धारित स्थान को बदलने की कोशिश की जा रही है, जिससे परियोजना में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सेंटर जैसे जनहित के मुद्दे पर राजनीति नहीं, बल्कि जनकल्याण की भावना से निर्णय लिया जाना चाहिए।

शिलान्यास कर कार्य शुरू किया जाए

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में कहा कि श्रीडूंगरगढ़ हाईवे पर लगातार होने वाली दुर्घटनाओं तथा स्थानीय लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए पूर्व में आवंटित भूमि पर तत्काल ट्रॉमा सेंटर निर्माण का शिलान्यास कर कार्य शुरू किया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा मिल सके। ज्ञापन में श्रीडूंगरगढ़ की जनभावना का सम्मान करते हुए ट्रॉमा सेंटर निर्माण में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की गई।