नीरज जोशी, जयपुर (समाचार सेवा)। बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने सुप्रसिद्ध गोगामेड़ी मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को गोगामेड़ी स्टेशन पर रेलवे अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक ली। उन्होंने मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए टिकट खिड़कियों की संख्या बढ़ाने, एम-यूटीएस (मोबाइल अनरिजर्व टिकटिंग सिस्टम) से टिकट उपलब्ध कराने, सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा एवं उद्घोषणा व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद डीआरएम ने गोगामेड़ी और सादुलपुर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, माल राजस्व वृद्धि तथा संरक्षित रेल संचालन की समीक्षा की। सादुलपुर स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 18.70 करोड़ रुपये की लागत से हुए प्रथम चरण के कार्यों का जायजा लिया तथा 8.84 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे फुटओवर ब्रिज और 40 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्टेशन के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र के आर्थिक और पर्यटन विकास को भी गति मिलेगी।


