ग्रामीण यात्रियों को कम किराये का लालच देकर सुनसान जगह ले जाकर करता था लूटपाट
उषा जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर के जेएनवीसी थाना पुलिस ने लूट की एक वारदात का महज छह घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी ऑटो चालक अनिल लावा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी कम किराये का झांसा देकर विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को अपने ऑटो में बैठाता था और सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट कर नकदी, जेवरात और अन्य सामान लूट लेता था।
पुलिस के अनुसार परिवादी मेघराज ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे वह ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने उसे रामपुरा छोड़ने का कहकर अपने वाहन में बैठा लिया। चालक ने अपना नाम अनिल बताया और रास्ता बदलकर उसे मेडिकल कॉलेज ग्राउंड के सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसके साथ मारपीट की, कान तोड़कर सोने की मुरकियां निकाल लीं तथा हाथ का चांदी का कड़ा, बिंटी और छोटा मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। इस संबंध में जेएनवीसी थाने में प्रकरण संख्या 239/2026 दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक विनोद कुमार को सौंपी गई।
विशेष टीम गठित की गई
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश (आईपीएस) के निर्देश तथा जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ (आरपीएस) के निर्देशन एवं सहायक पुलिस अधीक्षक सदर वृत्त अनुष्ठा कालिया (आईपीएस) के सुपरविजन में थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के आधार पर मात्र छह घंटे में आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया।
पहले से करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल लावा (29) पुत्र लालचंद, निवासी गली नंबर-5, अंबेडकर कॉलोनी, थाना जेएनवीसी, बीकानेर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध शहर के विभिन्न थानों में पहले से करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, साइबर थाना के कांस्टेबल श्रीराम तथा जेएनवीसी थाने के कांस्टेबल नरेश, प्रभुराम, भागीरथ और शक्ति टीम की कांस्टेबल सुनीता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


