NEERAJ JOSHI बीकानेर, (samacharseva.in)। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। लगातार बढ़ रही यात्री संख्या और लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए रेलवे ने बीकानेर से संचालित प्रमुख रेल सेवाओं में स्थायी रूप से अतिरिक्त डिब्बे बढ़ाने का फैसला किया है। सबसे अधिक राहत मुंबई, कोलकाता और दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्रियों को मिलेगी। अगस्त माह से इन ट्रेनों में थर्ड एसी और स्लीपर श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगने शुरू हो जाएंगे, जिससे आरक्षण की उपलब्धता बढ़ेगी और वेटिंग की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।
बांद्रा टर्मिनस, कोलकाता और लालगढ़-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस में बढ़ेंगेकोच
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, बीकानेर-बांद्रा टर्मिनस-बीकानेर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22473/22474) में 3 अगस्त से बीकानेर और 4 अगस्त से बांद्रा टर्मिनस से एक-एक थर्ड एसी तथा द्वितीय शयनयान (स्लीपर) कोच स्थायी रूप से जोड़े जाएंगे। यह ट्रेन मुंबई जाने वाले यात्रियों की प्रमुख पसंद है। इसी प्रकार बीकानेर-कोलकाता-बीकानेर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12495/12496) में 6 अगस्त से बीकानेर और 7 अगस्त से कोलकाता से एक-एक थर्ड एसी एवं स्लीपर कोच स्थायी रूप से बढ़ाए जाएंगे। इससे पूर्वी भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।बीकानेर मंडल के लालगढ़-दिल्ली सराय रोहिल्ला-लालगढ़ एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22471/22472) में भी 1 अगस्त से लालगढ़ तथा 3 अगस्त से दिल्ली सराय रोहिल्ला से एक थर्ड एसी और एक स्लीपर कोच स्थायी रूप से जोड़ा जाएगा। राजधानी दिल्ली के लिए यह ट्रेन क्षेत्र की महत्वपूर्ण रेल सेवा है और अतिरिक्त डिब्बों से बड़ी संख्या में यात्रियों को लाभ मिलेगा।
यात्रियों की लंबी प्रतीक्षा सूची कम होगी
इसके अलावा रेलवे ने अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस में एक फर्स्ट कम सेकंड एसी कोच, श्रीगंगानगर-पुरी एक्सप्रेस में एक स्लीपर कोच तथा दिल्ली सराय रोहिल्ला-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस में एक थर्ड एसी और एक स्लीपर कोच की भी स्थायी बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाने से आरक्षण क्षमता में वृद्धि होगी, यात्रियों की लंबी प्रतीक्षा सूची कम होगी और त्योहारों व अवकाश के दौरान यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम बन सकेगी।


