पुलिस का दावा गत वर्ष के मुकाबले इस वर्ष अपराधों में 11.33 प्रतिशत की कमी आई
USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओम प्रकाश (आईपीएस) ने कहा कि ड्रोन के माध्यम से हथियार एवं नशीले पदार्थों की तस्करी सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए बड़ी चुनौती है, इससे निपटने के लिए संयुक्त रणनीति अपनाना आवश्यक है।

आईजी ओमप्रकाश सोमवार को रेंज कार्यालय में सीमा सुरक्षा, अपराध नियंत्रण तथा विभिन्न एजेंसियों के समन्वय को लेकर आयोजित रेंज स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए आईजी ने सभी एजेंसियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही। बैठक में सीमा सुरक्षा बल, आर्मी इंटेलिजेंस तथा बीकानेर रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।

अपराधों में 11.33 प्रतिशत की कमी आई
बैठक में बताया गया कि रेंज में हत्या के मामलों में 29.03 प्रतिशत, हत्या के प्रयास में 11.68 प्रतिशत, बालिकाओं से दुष्कर्म के मामलों में 33.83 प्रतिशत तथा अन्य बीएनएस अपराधों में 16.46 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। महिला अत्याचार के मामलों में 2.92 प्रतिशत, बलात्कार में 33.46 प्रतिशत, पोक्सो एक्ट के मामलों में 27.89 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार के मामलों में 37.05 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वहीं सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में भी 10 प्रतिशत की गिरावट आई है।
सीमा पार से ड्रोन ड्रॉपिंग मामले में गिरफ्तारी
बैठक में बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से ड्रोन ड्रॉपिंग के मामलों में वर्ष 2026 के दौरान बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों में 17 प्रकरण दर्ज कर 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 67.354 किलोग्राम हेरोइन, 985 ग्राम अफीम, दो ड्रोन, 11 पिस्टल, 11 मैगजीन, 397 कारतूस, दो कार, 23 मोबाइल फोन तथा 1.61 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
एनडीपीएस एक्ट के 1005 प्रकरण दर्ज
जनवरी से जून 2026 तक रेंज में एनडीपीएस एक्ट के 1005 प्रकरण दर्ज कर 1279 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 9203.703 किलोग्राम डोडा पोस्त, 133.715 किलोग्राम अफीम, 78.993 किलोग्राम हेरोइन/चिट्टा, 157.752 किलोग्राम गांजा, 84,735 नशीली गोलियां, 1.061 किलोग्राम एमडी/एमडीएमए, 1030 अफीम के पौधे तथा 50.34 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
आर्मस एक्ट के तहत 262 प्रकरण दर्ज
इसी अवधि में आम्र्स एक्ट के तहत 262 प्रकरण दर्ज कर 248 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 200 हथियार और 2514 कारतूस बरामद किए गए। आबकारी अधिनियम के तहत 15 प्रकरण दर्ज कर 22 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 59,545 बोतल अंग्रेजी शराब, 12,221 बोतल देशी शराब और 17,153 बीयर की बोतलें जब्त की गईं। जनवरी से जून 2026 तक विभिन्न आपराधिक गिरोहों के 57 सदस्यों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।



