NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। केशव दत्त आचार्य दुर्घटना प्रकरण-चालक की गिरफ्तारी से तय नहीं होगी पूरी जिम्मेदारी- डॉ. शरद दत्त आचार्य,नगर निगम के कचरा संग्रहण टिपर की टक्कर से घायल केशव दत्त आचार्य की उपचार के दौरान मौत के बाद उनके परिजनों ने कचरा संग्रहण व्यवस्था, ठेका प्रणाली और प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में मृतक के भतीजे डॉ. शरद दत्त आचार्य ने मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक करने तथा शहर में संचालित कचरा संग्रहण वाहनों का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
निष्पक्ष जांच, ठेका प्रक्रिया के दस्तावेज सार्वजनिक करने जरूरी
आचार्य ने सवाल उठाया कि टिपर चालक के लाइसेंस, नियुक्ति, पुलिस सत्यापन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी किसकी थी? वाहन की फिटनेस, बीमा, जीपीएस व्यवस्था और नियमित निरीक्षण कौन कर रहा था? उन्होंने कहा कि केवल चालक की गिरफ्तारी से पूरे मामले की जिम्मेदारी तय नहीं होती, बल्कि वाहन संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं और संबंधित अधिकारियों एवं ठेका एजेंसी की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल
आचार्य ने घटना के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं करवाने, कंपनी मैनेजर के खिलाफ की गई कार्रवाई तथा अब तक चालान पेश नहीं होने पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि इन परिस्थितियों से पुलिस की कार्यप्रणाली पर संदेह पैदा होता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि पूरे शहर की नागरिक सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
एसीबी में शिकायत, रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग
परिजनों ने बताया कि संभावित अनियमितताओं की जांच के लिए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक से संपर्क किया गया है तथा बीकानेर एसीबी में शिकायत प्रस्तुत कर दस्तावेजों के आधार पर जांच की मांग की गई है। परिवार ने नगर निगम आयुक्त से टेंडर, अनुबंध, एमओयू, भुगतान, वाहन संचालन और संबंधित एजेंसियों की वैध स्वीकृतियों का सत्यापित रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है।
ब्लैकलिस्टेड कंपनी को ठेका देने पर उठाए सवाल
परिजनों ने आरोप लगाया कि न्यूनतम निविदा राशि से करीब दस करोड़ रुपए अधिक की दर देने वाली कंपनी को कचरा संग्रहण का ठेका दिया गया। उन्होंने कोटा की संबंधित कंपनी को पूर्व में निलंबित किए जाने के आदेश का हवाला देते हुए बीकानेर में ठेका आवंटन की पूरी प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की। परिवार का आरोप है कि नगर निगम अधिकारी कंपनी के साथ हुए एमओयू और अन्य दस्तावेज जनप्रतिनिधियों के सामने भी सार्वजनिक नहीं कर रहे हैं। कचरा संग्रहण वाहनों के दस्तावेज, नंबर प्लेट, फिटनेस और चालकों की पात्रता की जांच नहीं होने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई।
ये हैं प्रमुख मांगें
परिवार ने दुर्घटना की निष्पक्ष जांच सक्षम एजेंसी से कराने, चालक के साथ ठेका एजेंसी की जिम्मेदारी तय करने, टेंडर एवं अनुबंध संबंधी दस्तावेज सार्वजनिक करने और शहर के सभी कचरा संग्रहण वाहनों का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही, पारदर्शिता और आमजन की सुरक्षित आवाजाही के लिए है।
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को स्कूटर से जा रहे केशव दत्त आचार्य को गोकुल सर्किल के पास नगर निगम के कचरा संग्रहण टिपर ने टक्कर मार दी थी। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के दौरान 9 नवंबर को उनका निधन हो गया था। परिजनों ने इसे महज हादसा नहीं, बल्कि व्यवस्थागत लापरवाही का परिणाम बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
















