Samachar Seva

Mission Patrkarita

रेलवन ऐप यात्रियों के लिए बना वरदान

नीरज जोशी, बीकानेर (समाचार सेवा)। रेलवन ऐप यात्रियों के लिए बना वरदान, बीकानेर रेल मंडल में डिजिटल भुगतान व्यवस्था को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। टिकट बुकिंग से लेकर पार्सल, रिटायरिंग रूम और अन्य रेलवे सेवाओं के भुगतान में ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग बढ़ा है। वहीं, भारतीय रेलवे का बहुउपयोगी मोबाइल ऐप ‘रेलवन’ यात्रियों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और रेलवे स्टेशनों पर लंबी कतारों को कम करने के लिए अनारक्षित टिकट काउंटरों, आरक्षण टिकट काउंटरों, पार्सल कार्यालयों, फूड स्टॉल और अन्य सेवा केंद्रों पर डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। क्यूआर कोड के जरिए यात्री पेटीएम, गूगल पे और फोनपे जैसे माध्यमों से आसानी से भुगतान कर रहे हैं।

साथ खुले पैसों की समस्या से भी राहत

मंडल के आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटरों तथा पार्सल कार्यालयों में क्यूआर कोड की सुविधा दी गई है। प्रमुख स्टेशनों के आरक्षण काउंटरों पर पीओएस मशीनों और कई स्टेशनों पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) के माध्यम से भी डिजिटल भुगतान की सुविधा मिल रही है।डिजिटल भुगतान से टिकट खरीदने में समय की बचत हो रही है। साथ ही खुले पैसों की समस्या कम होने के साथ लेनदेन में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ी है।

मजबूत हुआ डिजिटल इंडिया अभियान

रेलवे प्रशासन सोशल मीडिया, जागरूकता अभियानों और कर्मचारियों के माध्यम से यात्रियों को डिजिटल भुगतान अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए यात्रियों से डिजिटल भुगतान का अधिकाधिक उपयोग करने और डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूत बनाने में सहयोग की अपील की गई है।