Loading Now

updates

मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित संपत्ति पर शिकंजा, 1.41 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज

उषा जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों पर बीकानेर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए 1 करोड़ 41 लाख 85 हजार रुपए मूल्य की संपत्तियां फ्रीज करवाई हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत सक्षम प्राधिकारी से आदेश प्राप्त करने के बाद की है। कार्रवाई में सदर थाना क्षेत्र और रणजीतपुरा थाना क्षेत्र से जुड़े लोगों की आवासीय संपत्तियां, दुकान, वाहन और अन्य संपत्तियां शामिल हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र से जुड़े मामले में श्रीमती मेहरुनिशां, पत्नी मुराद अली के नाम की दो संपत्तियों को फ्रीज किया गया है। इनमें भुट्टों का बास, बीकानेर स्थित 36 लाख रुपए मूल्य का आवासीय मकान तथा चुना भट्टा के पास राजीव नगर में स्थित 64 लाख रुपए मूल्य का आवासीय भूखंड शामिल है। दोनों संपत्तियों का कुल बाजार मूल्य एक करोड़ रुपए बताया गया है।

उन्‍होंने बताया कि इस मामले में मेहरुनिशां के पति मुराद अली थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध 17 प्रकरण दर्ज हैं। वहीं उसके पुत्र तालिबान उर्फ तालीमान के खिलाफ 10 तथा लाडेन के खिलाफ 5 प्रकरण दर्ज होना बताया गया है। पुलिस ने इनके संबंध में हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई भी शुरू की है।

रणजीतपुरा में बोलेरो, स्कूटर, मकान और दुकान पर कार्रवाई

रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने पूनमचंद बिश्नोई पुत्र जयसुखराम उर्फ जस्सूराम से जुड़ी संपत्तियों पर कार्रवाई की है। इनमें एक महिंद्रा बोलेरो कैंपर आरजे 43 जीए 4242, जिसकी कीमत एक लाख रुपए बताई गई है, इलेक्ट्रिक स्कूटर आरजे 07 वीएस 8590, कीमत 35 हजार रुपए, तथा चक 10 आरडीवाई में खाता नंबर 179/52 स्थित 3.50 लाख रुपए मूल्य का आवासीय मकान शामिल है।

इन संपत्तियों का कुल मूल्य 4 लाख 85 हजार रुपए है। इसी थाना क्षेत्र में प्रेमसुख बिश्नोई उर्फ सोनी पुत्र जस्सूराम उर्फ जयसुखराम की दो संपत्तियां भी फ्रीज की गई हैं। इनमें चक 10 आरडीवाई, मुरब्बा नंबर 179/52 में स्थित 25 लाख रुपए मूल्य का निर्माणाधीन मकान तथा चक 14 आरडीवाई में खसरा नंबर 139/24, किला नंबर 19 स्थित 12 लाख रुपए मूल्य की दुकान शामिल है। इनकी कुल कीमत 37 लाख रुपए है। पुलिस के अनुसार पूनमचंद और प्रेमसुख दोनों सगे भाई हैं तथा दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत दो-दो प्रकरण दर्ज हैं।

 

 

 

Share this content:

You May Have Missed