NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने गुरुवार को एसडीएम राजकीय जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया और अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए। इस दौरान संभागीय आयुक्त मीणा अस्पताल के आउटडोर, आपातकालीन, नवनिर्मित लैब, इनडोर वार्ड का निरीक्षण किया।
इस दौरान प्राचार्य डॉ गुंजन सोनी, संयुक्त निदेशक डॉ देवेंद्र चौधरी और अधीक्षक डॉ सुनील हर्ष साथ रहे। संभागीय आयुक्त ने अस्पताल की प्रगति एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली एवं महिला एवं प्रसूति विभाग को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल की पार्किंग व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने अस्पताल परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का जायज लिया और पीडब्ल्यूडी के द्वारा रुके हुए कार्यों के कारण बिखरे पडे मलबे और निर्माण सामग्री पर नाराजगी जताई एवं पीडब्ल्यूडी इंजीनियर को दूरभाष पर निर्देश दिए।
इस दौरान अस्पताल की आरएमआरएस बैठक का संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजन किया गया। लेखाकार दुष्यंत छींपा ने आरएमआरएस की वित्तीय स्थिति का ब्यौरा पेश किया। बैठक में संभागीय आयुक्त ने दानदाताओं द्वारा करवाए जाने वाले कार्यों को अनुमोदित करते हुए जल्दी ही अनुबंध करवाते हुए कार्य शुरू कर तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में अधीक्षक अतिरिक्त अधीक्षक डॉ घनश्याम, डॉ प्रवीण पेंसिया, डॉ प्रवीण चतुर्वेदी, नर्सिंग अधीक्षक नरेंद्र यादव और डूंगर दत्त रंगा आदि उपस्थित रहे।


