प्रधानमंत्री मोदी बीकानेर से करेंगे 26 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
बीकानेर, 20 मई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 मई को बीकानेर दौरे पर रहेंगे। सुबह लगभग 11 बजे वे देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में दर्शन करेंगे, जिसके पश्चात लगभग 11:30 बजे वे अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित देशनोक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री बीकानेर से मुंबई के लिए शुरू हो रही एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
प्रधानमंत्री इसके बाद बीकानेर जिले के पलाना में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे और इस दौरान 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली अनेक विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे।
रेल क्षेत्र में, प्रधानमंत्री देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे, जिन पर कुल 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। देशनोक स्टेशन का डिज़ाइन करणी माता मंदिर की वास्तुकला से प्रेरित है, जिससे तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री चूरू-सादुलपुर नई रेल लाइन (58 किमी) की आधारशिला रखेंगे और साथ ही सूरतगढ़-फलोदी (336 किमी), फुलेरा-डेगाना (109 किमी), उदयपुर-हिम्मतनगर (210 किमी), फलोदी-जैसलमेर (157 किमी) और समदड़ी-बाड़मेर (129 किमी) रेल खंडों के विद्युतीकरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
सड़क क्षेत्र में, प्रधानमंत्री तीन वाहन अंडरपास और राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण व मजबूतीकरण की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा, राजस्थान की 7 प्रमुख सड़क परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा, जिनकी अनुमानित लागत 4,850 करोड़ रुपये है। ये परियोजनाएं परिवहन को सुगम बनाएंगी और व्यापार को गति देंगी।
बिजली क्षेत्र में, प्रधानमंत्री बीकानेर, नावा, डीडवाना और कुचामन में सौर ऊर्जा परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। साथ ही, पावरग्रिड सिरोही ट्रांसमिशन लिमिटेड और पावरग्रिड मेवाड़ ट्रांसमिशन लिमिटेड की विद्युत निकासी से जुड़ी पारेषण प्रणालियों की भी नींव रखी जाएगी। वे बीकानेर में सौर परियोजना, नीमच-बीकानेर पारेषण प्रणाली और फतेहगढ़-II पावर स्टेशन में क्षमता विस्तार परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी।
प्रधानमंत्री राजस्थान की 25 प्रमुख राज्य सरकार की परियोजनाओं का भी शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे, जिनमें बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं और जल आपूर्ति से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रधानमंत्री राजसमंद, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा और धौलपुर जिलों में नए नर्सिंग कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे। जल परियोजनाओं के तहत वे झुंझुनूं जिले की ग्रामीण जलापूर्ति एवं फ्लोरोसिस शमन परियोजना और पाली जिले के 7 शहरों में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत शहरी जलापूर्ति योजनाओं के पुनर्गठन का शिलान्यास करेंगे।
यह दौरा राजस्थान में बुनियादी ढांचे और जन-कल्याण से जुड़ी योजनाओं को गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।


