पैराशूटी की आहट मात्र से तमतमाये गहलोत के समर्थक
बीकानेर, (समाचार सेवा)। गोपाल के समर्थकों ने किया कन्हैया का विरोध, बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी के तौर पर नोखा के कन्हैयालाल झंवर के नाम की संभावनाओं के साथ ही कांग्रेस में भूचाल सा आ गया।
पीसीसी सदस्य व बीकानेर ईस्ट विधानसभ क्षेत्र से गत चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे गोपाल गहलोत से जुडे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को गंगाशहर सहित विभिन्न क्षेत्रों में जमकर विरोध जताया।
इस दौरान उन्होंने न केवल टायर जलाकर रास्ता जाम किया, बल्कि झंवर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विरोध करने वालों में वे कार्यकर्ता भी शामिल जो अपने अपने पसंद के नेता को बीकानेर ईस्ट से टिकट दिलवाने की इच्छा रखते हैं।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि बीकानेर पूर्व विधानसभा सीट पैराशूटी उम्मीदवार उतारने की तैयारी की जा रही है, इसे कार्यकर्ता सहन नहीं करेगा।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि पार्टी के जिन नेताओं ने बीते पांच वर्षों में पार्टी की रीति-नीति के अनुसार काम किया, आज उन्हें टिकट के वक्त दरकिनार किया जा रहा है,
जबकि जिले की अन्य विधानसभा क्षेत्र के दावेदार को यहां उतारने की कोशिश हो रही है। पार्टी की यह मंशा किसी सूरत में पूरी नहीं होने दी जाएगी।
जानकारी में रहे कि बीकानेर पूर्व विधानसभा सीट से कांग्रेस के गोपाल गहलोत, कौशल दुग्गड़, सुनीता गौड़, अरविंद मिड्ढ़ा, शशिकांत शर्मा, बल्लभ कोचर सहित कई नेता अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं।
इस बीच नोखा के कन्हैयालाल झंवर की दावेदारी की बात सामने आते ही इन दावेदारों में खलबली मच गई है। बताया यह भी गया है कि कन्हैयालाल झंवर मंगलवपार को कांग्रेस पार्टी ज्वॉइन भी कर चुके हैं।
दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी से खफा कांग्रेस कार्यकर्ता यह आशंका जता रहे है कि डूडी खुद ही झंवर को बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से उतारने की कोशिश कर रहे हैं, इससे उन्हें नोखा में काफी हद तक राहत मिल सकती है।
हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की यह बात पुख्ता नहीं हो रही है, लेकिन झंवर को लेकर बीकानेर की राजनीति एक बार जरूर गर्मा गई है।
बीकानेर ईस्ट सीट पर दावेदारी
झंवर साइड से बड़ा बयान, रुको.. अभी, बात चल रही है
बीकानेर (समाचार सेवा)। बीकानेर ईस्ट विधानसभा सीट से नोखा निवासी पूर्व विधायक कन्हैयालाल झंवर को कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतारने की अटकलों को पूर्व विधायक झंवर के बेटे नारायण झंवर ने और हवा दे दी है।
मंगलवार को मीडियाकर्मियों ने जब नोखा के पूर्व विधायक कन्हैयालाल झंवर के बेटे नारायण झंवर सवाल किया कि क्या कन्हैयालाल झंवर बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं?
इस पर नारायण झंवर ने साफतौर पर कहा कि अभी कुछ नहीं कह सकते। अभी तो बात चल रही है।
आप थोड़ा रूके। जानकारी में रहे कि मंगलवार सुबह से ही नोखा के पूर्व विधायक कन्हैयालाल झंवर के कांग्रेस में शामिल होने तथा बीकानेर पूर्व सीट से चुनाव लडऩे की अटकलें शुरू हो गई थी।
इसकी खबर फैलते ही इस सीट से कांग्रेस के टिकट के लिए दावेदारी करने वालों में खलबली मच गई।
दावेदारों के समर्थकों ने आनन-फानन में विरोध की रणनीति भी बना ली और उसे मूर्तरूप देने के लिए सड़कों पर भी उतर आए।
विधानसभा चुनाव 2018
हार्डकोर अपराधियों के विरूद्ध हो कड़ी कार्यवाही – आनन्द

बीकानेर में मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनन्द कुमार ने दिए निर्देश
सटोरियों के खिलाफ होगी सख्त कार्यवाही – हवा सिंह
बीकानेर, (समाचार सेवा)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनन्द कुमार ने कहा चुनाव के मददेनजर हार्डकोर अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही अमल में लाने को कहा है। आनन्द कुमार मंगलवार को कलेक्ट्रट सभागार में चुनाव तैयारियों की समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आम मतदाताओं में भरोसा बनाने के लिए यदि आवश्यकता पड़े तो संबंधित क्षेत्रों में पुलिस फ्लैगमार्च भी करें।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि संभाग के जिलों से लगी अन्तर्राज्जीय सीमाओं की नाकेबंदी कर चैकपोस्ट व सीसीटीवी स्थापित की जाए।
अन्तर्राज्यीय सीमा रखने वाले जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक अन्य राज्यों से लगते जिलों के समकक्ष अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाएं चाक चौबंद करें तथा आवश्यकता होने पर वहां धारा 144 लागू करवाने की कार्यवाही करवाई जाए।
उन्होंने कहा कि आम मतदाता भयमुक्त रहकर अपने मत का प्रयोग कर सकें। इसके लिये अधिकारी सभी आवश्यक इंतजाम करें।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि संवेदनशील, अतिसंवेदनशील एवं भयग्रस्त मतदान केन्द्रों को चिन्हित कर वहां पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात करें।
चुनाव प्रचार के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा किए जा रहे चुनाव खर्च की सूक्ष्म रिपोर्टिंग की जाए। आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चत हो, इसके लिए एसएसटी, वीएसटी को भी लगातार सक्रिय रखा जाये।
चुनाव कंट्रोल रूम में आने वाली प्रत्येक शिकायत का प्रभावी व त्वरित निस्तारण हों, जिससे शिकायतकर्ता को संतुष्ट किया जा सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सी.विजिल मोबाईल ऐप सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाली चुनाव संबंधी शिकायतों के पूर्ण गंभीरता के साथ समयबद्ध निराकरण करने को कहा।
उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता से संबंधित प्रकरणों में भी पारदर्शिता के साथ कार्य करें। कुमार ने कहा कि पोस्टल बैलेट समय पर उपलब्ध रहे ताकि चुनाव ड्यूटी से जुड़े सभी कार्मिक अपने मत का प्रयोग कर पाएं।
बैठक में संभागीय आयुक्त हनुमान सहाय मीना, चुरू, बीकानेर, हनुमानगढ़ तथा श्रीगंगानगर के जिला निर्वाचन अधिकारियों ने प्रशिक्षण, चुनावी व्यवस्थाओं आदि के बारे में पीपीपी के माध्यम से जानकारी दी।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक दिनेश एम एन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ए एच गौरी सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।
सटोरियों के खिलाफ होगी सख्त कार्यवाही – हवा सिंह
पुलिस महानिरीक्षक (कानून व व्यवस्था) हवा सिंह घुमारिया ने कहा कि मतदान दिवस पर सभी जिलों को आवश्यकतानुसार फोर्स उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने क्रिटिकल बूथ पर वीडियोग्राफी करवाने, माइक्रोऑब्जर्वर नियुक्त करने तथा सटोरियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी व पुलिस अधीक्षक विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करें ताकि मतदाताओं के बीच सकारात्मक माहौल का निर्माण हो सके।
मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध हो सभी सुविधाएं
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान दिवस से पूर्व सभी मतदान केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो।
प्रत्येक दिव्यांग को मताधिकार के लिए जागरूक कर उन्हें आवश्यक सुविधाएं मुहैया करवाते हुए मतदान केन्द्र तक पहुंचाने की व्यवस्थ्ज्ञा हो।
प्रत्येक मतदान केन्द्र पर हेल्प डेस्क बनाई जाए। एनसीसी व स्काउट कैडेट इन डेस्क पर मतदाताओं की सहायता के लिए उपस्थित रहें।
आज नामांकन दाखिल करेगी घूंघट वाली पूनम कंवर

कोलायत विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की उम्मीदवार पूनमकंवर भाटी
बीकानेर, (समाचार सेवा)। कोलायत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रसे इस बार भाजपा के टिकट पर ताल ठोक रही भाजपा के कद्दावर नेता देवीसिंह भाटी की पुत्रवधू तथा बीकानेर के पूर्व सांसद महेन्द्र सिंह भाटी की पत्नी पूनम कंवर भाटी।
टिकट मिलने के बाद घूंघट में पत्रकारों से बात करने वाली पूनमकंवर बुधवार 14 नवंबर को कोलायत मुख्यालय पर उपखंड कार्यालय कोलायत में बतौर भाजपा प्रत्याशी अपना नांमाकन दाखिल करेगी।
यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या पूनमकंवर नामांकन दाखिल करते समय भी घूंट में ही रहेगी या आधुनिक महिला की भांति नई पारी की शुरूआत बगैर घूंघट करेगी। आम तौर पर घूंघट में रहने वाली पूनमकंवर ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों में जनसंपर्क किया।
अपने ससुर देवीसिंह भाटी की परंपरागत सीट पर उम्मीदवार बनाये जाने के बाद गत दिवस अपने घर बरसलपुर हाउस में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पूनम कंवर ने पत्रकारों के तीखे सवालों के जवाब बड़ी बेबाकी से दिए।
पूनम कंवर ने घूंघट और सियासत से जुड़े सवाल पर भी तपाक से जवाब देते हुए कहा कि जनता की सेवा और विकास करने में घूंघट कहीं भी न तो आड़े आया है और न ही आड़े आएगा।
वे ना तो किसी सवाल ठिठकी और न ही संकोच दिखाया। कांफ्रेंस के दौरान भाजपा प्रत्याशी पूनम कंवर ने अपनी बात रखते हुए कहा कि हमारा परिवार पीढिय़ों से कोलायत क्षेत्र की सेवा करता रहा है।
अपने ससुर को दाता हुकूम (देवीसिंह भाटी) संबोधन देने वाली पूनम कंवर के अनुसार देवीसिंह जी ने क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
वह खुद भी अब श्री भाटी के आशीर्वाद से कोलायत वासियों की सेवा करना चाहती हैं। काम की प्राथमिकता से जुड़े सवाल पर पूनम कंवर ने कहा कि क्षेत्र के पिछड़ों, महिलाओं सहित सारी 36 कौम को मैं साथ लेकर चलूंगी और विकास कार्य करना मेरी अहम् प्राथमिकता होगी।
चुनाव की हर गतिविधि से हूं वाकिफ
पूनम कंवर ने पत्रकारों के सवालों पर साफतौर पर कहा कि वह चुनाव की हर गतिविधि जानती है दाता हुकूम (देवीसिंह भाटी) के चुनाव लडऩे के दौरान मैं महिलाओं की टीम के साथ क्षेत्र के लोगों से काफी संपर्क में रही है।
वह क्षेत्र में सबसे परिचित है। क्षेत्र के लोग और पूरा परिवार उनके साथ है। पूनम कंवर ने अपने पति बीकानेर के पूर्व सांसद स्वर्गीय महेन्द्र सिंह भाटी के अधूरे कार्यों को पूरा कराने को भी प्राथमिकता में बताया।
विधायक भंवर सिंह पर किया हमला
भाजपा प्रत्याशी पूनम कंवर ने कोलायत के वर्तमान विधायक पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए कहा कि कोलायत क्षेत्रपिछले पांच वर्षों के दौरान काफी पिछड गया है।
क्षेत्र के नागरिकों की कोई सुनवाई नहीं हुई। दाता हुकूम के प्रयासों से ही क्षेत्र में काम हो पाए थे।
प्रभात फेरी निकाल दिया ‘शत प्रतिशत मतदान’ का संदेश

बीकानेर, (समाचार सेवा)। मतदाता जागरुकता अभियान के तहत मंगलवार को रविन्द्र रंगमंच से कलक्ट्रेट तक ‘प्रभात फेरी’ निकाली गई।
प्रभात फेरी में राजकीय शहीद मेजर जेम्स थाॅमस स्कूल, महारानी स्कूल, सेंट्रल एकेडमी, बीबीएस, मेलबाॅर्न स्कूल, दयानंद पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर स्वीप प्रभारी ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपने अभिभावकों और रिश्तेदारों को मतदान के लिए प्रेरित करें।
शत-प्रतिशत मतदान की अवधारणा को साकार करने में विद्यार्थियों की भूमिका भी अत्यंत महत्त्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा मतदाता जागरुकता के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इससे पूर्व जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा स्वीप प्रभारी अजीत सिंह ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक (कॉलेज शिक्षा) दिग्विजय सिंह, राजकीय डूंगर कॉलेज के प्राचार्यडॉ. सतीश कौशिक, एमएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उमाकांत सहित व्याख्याता मौजूद रहे।
मतदाता जागरुकता अभियान के तहत मंगलवार को श्रीगंगानगर रोड स्थित आरके भवन में ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
कृषि की परम्परागत व आधुनिक पद्धतियों में हो समावेश – ओझा

कृषि विवि में शीतकालीन प्रशिक्षण शुरू
बीकानेर, (समाचार सेवा)। उरमूल ट्रस्ट के सचिव अरविंद ओझा ने किसानों तक मूलभूत स्तर तक ज्ञान को पहुंचाने के लिये परम्परागत व आधुनिक पद्धतियों का समावेश करने का आह्वान किया।
ओझा मंगलवार को स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कृषि व्यवसाय प्रबंधन संस्थान में 21 दिवसीय शीतकालीन प्रशिक्षण के शुभारम्भ समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने प्रशिक्षण विषय की जरूरत बताया। ओझा ने विभिन्न संस्थानों से कृषि प्रशिक्षित युवकों का कृषि में अधिक से अधिक रूझान बढ़ाने में कृषि वैज्ञानिकों व विश्वविद्यालयों की महत्ती भूमिका के बारे में बताया।
प्रशिक्षण का शुभारंभ उरमूल संस्थान के सचिव अरविंद ओझा और संस्थान निदेशक डॉ. एन. के. शर्मा ने दीप प्रज्वलित किया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविर में निदेशक डॉ. वाई सुदर्शन ने बताया कि शिविर में देश के पांच राज्यों से प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान खेती प्रौढ़ता इत्यादि विभिन्न पर विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण शिविर के समन्वयक डॉ. अदिति माथुर, डॉ. अमिता शर्मा, सत्यवीर सिंह मीना व डॉ. नरेन्द्र पारीक ने शिविर कार्यक्रम के विभिन्न प्रयोगात्मक विधियों के बारे में जानकारी दी।
वर्ल्ड रेलवे साईक्लिंग प्रतियोगिता-2018 का पहला ईवेन्ट आज



