Samachar Seva

Mission Patrkarita

सीकर अग्निवीर भर्ती रैली में 90 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों की उपस्थिति

नीरज जोशी, सीकर  (समाचार सेवा)। सीकर अग्निवीर भर्ती रैली में 90 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों की उपस्थिति, सीकर के जिला स्टेडियम में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली में 90 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। भर्ती कार्यालय (मुख्यालय), जयपुर की ओर से 1 से 23 अक्टूबर तक आयोजित रैली में सीकर और जयपुर जिलों के युवाओं ने भाग लिया।

इसके साथ ही राजस्थान के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल श्रेणी में भी भर्ती आयोजित की गई। शुक्रवार को रैली का सफलतापूर्वक समापन हुआ। भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण के दौरान प्रदर्शन बढ़ाने वाले पदार्थों के इस्तेमाल को रोकने के उद्देश्य से ड्रग टेस्ट किया गया। अभ्यर्थियों को निश्चित चयन का झांसा देने वाले दलालों और बेईमान तत्वों से बचाने के लिए भी कड़े उपाय किए गए।

योग्यता के आधार पर होगा चयन

रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने बताया कि ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) शुरू होने से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता मजबूत हुई है। भारतीय सेना में चयन निर्धारित भर्ती मानकों और अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर किया जाता है। उन्होंने युवाओं से बिचौलियों के झांसे में नहीं आने और अपनी तैयारी व क्षमता पर भरोसा रखने की अपील की।

प्रशासन के सहयोग की सराहना

मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, जयपुर ने भर्ती रैली के सुचारू संचालन के लिए नागरिक प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई प्रशासनिक एवं रसद संबंधी व्यवस्थाओं की सराहना की। इन व्यवस्थाओं से भर्ती गतिविधियों के संचालन और अभ्यर्थियों की सुविधा में मदद मिली।