Loading Now

updates

दलीप पुरी सहित आठ लोगों पर आसोपा आश्रम ट्रस्ट की बेशकीमती जमीन हड़पने का आरोप

उषा जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)उदयरामसर रोही स्थित आसोपा आश्रम ट्रस्ट की बेशकीमती कृषि भूमि को कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों और कूटरचित कागजात के आधार पर हड़पने का गंभीर मामला सामने आया है। गंगाशहर थाना पुलिस ने इस मामले में बीकानेर में कांता खतूरिया कॉलोनी निवासी  दलीप पुरी पुत्र ईश्वर पुरी, गंगाशहर निवासी यश पुगलिया, धीरज पुगलिया, रानी बाजार निवासी विमल कुमार, गांव बरसिंहसर निवासी माघागिरी तथा दिल्‍ली में अशोक विहार निवासी अनुज जैन, नेहा जैन पत्‍नी अनुज जैन को नामजद किया है।

इसके अलावा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से अपराध में शामिल अन्य व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है। आसोपा आश्रम ट्रस्ट की प्रधान ट्रस्टी उर्मिला आसोपा पत्नी स्वर्गीय उमाशंकर आसोपा ने बताया कि उदयरामसर रोही में ट्रस्ट के नाम से बेशकीमती कृषि भूमि है। आरोपियों ने उप पंजीयक कार्यालय-1, बीकानेर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर ट्रस्ट की भूमि की रजिस्ट्री करवाने का प्रयास किया गया।

प्रकरण राजस्व मंडल अजमेर में अपील के रूप में विचाराधीन

शिकायतकर्ता के अनुसार जिस भूमि की रजिस्ट्री कराए जाने का आरोप है, उससे संबंधित विवाद माननीय राजस्व मंडल, अजमेर में अपील के रूप में विचाराधीन है। इसके बावजूद 20 जुलाई 2026 को कथित रूप से फर्जी तरीके से तैयार किए गए दस्तावेजों के आधार पर भूमि की रजिस्ट्री करवा दी गई।

श्रीमती आसोपा की यह शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय के माध्यम से गंगाशहर थाने तक पहुंची, जिसके आधार पर 20 अगस्त को मामला दर्ज किया गया। प्रकरण की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह को सौंपी गई है। जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और संबंधित व्यक्तियों की कानूनी जिम्मेदारी तय होगी।

Share this content:

You May Have Missed