नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। शहर कांग्रेस की महासचिव सुनीता गौड़ ने बुधवार को जिला कलक्टर एवं नगर निगम के आयुक्त को पत्र भेजकर बीकानेर की बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग की। श्रीमती गौड़ ने अपने पत्र में बताया कि शहर के विभिन्न इलाकों में जर्जर सड़कें, ओवरफ्लो होते सीवरेज और सड़कों पर बेकाबू घूमते आवारा पशुओं ने नागरिकों का जीना मुहाल कर दिया है। धरातल पर हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।

पत्र में बताया गया कि शहर के 80 वार्डों में से 60 वार्डों में नियमित सफ़ाई नहीं हो रही हैं। सड़के भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र, बांद्रा बॉस और पंचमुखी हनुमान मंदिर रोड, जय नारायण व्यास कॉलोनी मूर्ति सर्किल सेक्टर 6 और 7, जूनागढ़ के आसपास का क्षेत्र, गंगाशहर, नत्थूससर गेट और सर्वोदय बस्ती की सड़क, सीवरेज की समस्या के अलावा गड्ढों में जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
शहर की सीवरेज प्रणाली पूरी तरह से चरमरा चुकी है। सड़कों पर असहाय गोवंश और सांड़ों का खुलेआम घूमना एक आम बात बन गई है। श्रीमती गौड़ ने समस्याओं के समाधान नहीं होने पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।


