नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। अहमदाबाद, गुजरात में 16 से 18 अगस्त तक आयोजित सीबीएसई वेस्ट जोन प्रतियोगिताओं में बीकानेर की व्यास कॉलोनी स्थित आरएसवी हायर सेकेंडरी स्कूल के खिलाड़ियों ने तीरंदाजी में तीन स्वर्ण, एक रजत तथा एक कांस्य पदक अपने नाम किया। छात्रा प्राची ने तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, वहीं आध्या पुरोहित ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
प्राची और आध्या दोनों का चयन सीबीएसई की राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। छात्राओं ने अंडर-17 वर्ग में रिकर्व राउंड 70 मीटर स्पर्धा में दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता, जबकि एलिमिनेशन राउंड में भी एक स्वर्ण पदक प्राप्त किया। विद्यालय के ऋषभ जाखड़, पीयूष सोनी, विनायक बिश्नोई और विभोर का अंडर-14 बालक वर्ग तथा मिताक्षी का बालिका वर्ग की राष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अंडर-19 वर्ग के लिए विद्यालय के छात्र अंकित और डेनी गोदारा का भी चयन हुआ है। विद्यालय के तीरंदाजी कोच चयन जोशी, सीईओ आदित्य स्वामी, प्राचार्य रविंद्र भटनागर ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।


