उषा जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जेएनवीसी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक गुलाब सिंह को अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से हथियार की सप्लाई और खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, अपराध शाखा राजस्थान जयपुर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 17 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। इस पर जेएनवीसी थाना पुलिस की टीम ने शिक्षण संस्थान क्षेत्र के सामने हाउसिंग बोर्ड रोड पर कार्रवाई करते हुए गुलाब सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गुलाब सिंह, पुत्र रेवंत सिंह, उम्र 21 वर्ष 8 माह, निवासी रामदेव मंदिर के पास, समंदसर रोड, लखासर क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ पूर्व में भी अवैध शराब और मारपीट के प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
आला अधिकारियों का रहा निर्देशन
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश के निर्देशन तथा जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और वृत्ताधिकारी शालिनी बजाज के सुपरविजन में जेएनवीसी थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को दबोचा। पुलिस अब आरोपी से हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के संबंध में अनुसंधान कर रही है।


