Loading Now

updates

पुलिस डायरी- थाना जेएनवीसी-मोबाइल स्नैचिंग गिरोह दबोचा, 14 मोबाइल बरामद

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। पुलिस थाना जेएनवीसी ने राह चलते लोगों से मोबाइल छीनने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी राहगीरों के हाथ में मोबाइल देखकर रेकी करते थे और तेज रफ्तार बाइक से पास आकर मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे।

पुलिस के अनुसार 29 जून को अल्ताफ हुसैन ने महिला थाना रोड पवनपुरी क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों द्वारा मोबाइल छीनने का मामला दर्ज कराया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और आसूचना संकलन के आधार पर धर्मेन्द्र सोनी (34) निवासी गोपेश्वर बस्ती तथा ताराचंद (27) निवासी खेतेश्वर बस्ती को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पूछताछ में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल स्नैचिंग की कई वारदातों का खुलासा हुआ है। मामले की जांच जारी है।

24 साल से फरार स्थायी वारंटी दिल्ली से गिरफ्तार

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। पुलिस थाना कोतवाली ने 24 वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को दिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी डकैती और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था तथा घटना के समय नाबालिग था। पुलिस के अनुसार वर्ष 2002 में दर्ज प्रकरण में वांछित गोविन्द दास (38) पुत्र जोगेन्द्र दास निवासी इस्लामपुर, जिला सुपौल (बिहार) को विशेष अभियान के तहत दिल्ली से निरुद्ध कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई थानाधिकारी सविता डाल के नेतृत्व में गठित टीम ने की।

बज्जू थाना परिसर में 524 लीटर अवैध शराब नष्ट

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। पुलिस थाना बज्जू ने मालखाना निस्तारण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 आबकारी प्रकरणों में जब्त कुल 524 लीटर अवैध देशी, अंग्रेजी शराब एवं बीयर का निस्तारण किया। थानाधिकारी जगदीश प्रसाद, जिला आबकारी अधिकारी संतोष कुमार तथा पुलिस टीम की मौजूदगी में बज्जू थाना परिसर में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर शराब को नष्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कर नियमानुसार पंचनामा तैयार किया गया।

सदर थाना एमडीएमए के साथ आरोपी दबोचा

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस थाना सदर ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10.48 ग्राम एमडीएमए बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी मांगु खां उर्फ मांगियो (30) निवासी भुट्टो का बास बीकानेर है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।

हेलमेट नहीं तो होगा चालान, 16 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। यातायात पुलिस बीकानेर 2 जुलाई से 16 जुलाई तक विशेष हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाएगी। अभियान के दौरान बिना हेलमेट चलने वाले दुपहिया वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस निरीक्षक नरेश निर्वाण ने बताया कि दोपहिया वाहनों पर चालक और पीछे बैठने वाले दोनों व्यक्तियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। अभियान के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, पीयूसी, तेज गति, अवैध पार्किंग तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, रिफ्लेक्टर टेप वितरण और विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Share this content:

You May Have Missed