Loading Now

updates

बीकानेर को है ई-बस सेवा शुरू होने का इंतजार  

Bikaner Awaits the Launch of E-Bus Service

MAHENDRA SIINGH SHEKHAWAT बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर शहर में प्रस्तावित इलेक्ट्रिक बसों (ई-बस) का संचालन फिलहाल निकट भविष्य में शुरू होता नजर नहीं आ रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतरने में अभी कम से कम चार से पांच महीने का समय और लग सकता है। इसका मुख्य कारण जैसलमेर रोड पर निर्माणाधीन ई-बस डिपो का अधूरा कार्य है, जो अभी लगभग 30 प्रतिशत ही पूरा हो पाया है।

डिपो में इलेक्ट्रिक जीएसएस (ग्रिड सब स्टेशन), वॉशिंग एरिया, बस प्लेटफॉर्म, प्रशासनिक भवन और वाटर ट्रीटमेंट जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का निर्माण अभी शेष है। इस परियोजना का कार्य रुडसिको के निर्देशन में स्थानीय मूमल कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया जा रहा है। मूमल कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि धनंजय राजपुरोहित ने बताया कि निर्माण कार्य में देरी का सबसे बड़ा कारण गोचर भूमि से संबंधित विवाद और बिजली विभाग की हाई टेंशन लाइन का होना रहा। इन समस्याओं के समाधान में काफी समय लग गया, जिससे कार्य की गति प्रभावित हुई।

बस संचालन की जिम्मेदारी चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड की

हालांकि अब इन बाधाओं के दूर होने के बाद निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है और इसे जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी ओर, बस संचालन की जिम्मेदारी अहमदाबाद की चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड को सौंपी गई है। कंपनी के राजस्थान प्रभारी धीरज पाराशर के अनुसार, बीकानेर के लिए कुल 75 ई-बसें स्वीकृत की गई हैं। इनमें से पहले चरण में लगभग 30 प्रतिशत यानी करीब 30 बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जैसे ही डिपो और बिजली का जीएसएस तैयार हो जाएगा, बसें संचालन के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

ई-बसों में होंगी आधुनिक सुविधाएं

पाराशर ने यह भी बताया कि पुणे की पीनेकल मोबिलिटी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित इन ई-बसों में आधुनिक सुविधाएं होंगी। प्रत्येक बस में 25 सीटिंग और 12 स्टैंडिंग क्षमता होगी। साथ ही दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर प्लेटफॉर्म की विशेष व्यवस्था भी की गई है। तकनीकी रूप से भी ये बसें काफी सक्षम हैं। एक बार पूर्ण चार्ज होने पर ये बसें लगभग 180 किलोमीटर तक चल सकेंगी और अतिरिक्त 20 किलोमीटर की चार्जिंग क्षमता सुरक्षित रहेगी। यदि शहर में विभिन्न स्थानों पर ऑपर्च्युनिटी चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाते हैं, तो इनकी रेंज 200 किलोमीटर से अधिक हो सकती है। बसों का संचालन सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक प्रस्तावित है।

निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने प्रयास

रुडसिको के प्रतिनिधि सतीश मीणा ने बताया कि निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के लिए लगातार निगरानी और मार्गदर्शन दिया जा रहा है। संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि ई-बस सेवा शुरू होने के बाद बीकानेर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है। इससे शहर के प्रमुख क्षेत्रों जैसे विश्वविद्यालय, कॉलेज, एयरपोर्ट, देशनोक, रायसर, खारा, जोड़ बीड़, उदयरामसर, उदासर, मुरलीधर व्यास कॉलोनी, जय नारायण व्यास कॉलोनी और स्टेशन रोड सहित बाहरी क्षेत्रों में आवागमन आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।

Share this content:

You May Have Missed