USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। नया सोना देने के नाम पर महिला से हड़पे सोने के बिस्किट, नयाशहर थाना पुलिस ने एक महिला के सोने के बिस्किट धोखे से लेने, वापस मांगने पर महिला से मारपीट करने के आरोप में बीकानेर में साले की होली निवासी मेघराज बोहरा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बीकानेर में मोहल्ला चूनगरान मूल की हाल सर्वोदय बस्ती निवासी शहनाद मोदी पत्नी बजरंग मोदी ने गुरुवार देर शाम दर्ज मामले में पुलिस को बताया कि व आरोपी मेघराज बोहरा पुत्र श्रीराम बोहरा को जानती है। आरोपी ने उसे बताया था कि वह सोने-चांदी की खरीद-बिक्री करता है। पुराने सोने के बदले नया सोना देता है।
परिवादिया के अनुसार आरोपी के इसी बहकावे में आकर उसने इकरार नामा करवाकर अपने पास रखे सोने के बिस्किट आरोपी मेघराज को सौंप दिये। काफी समय बीत जाने पर भी जब आरोपी ने उसे नया सोना उपलब्ध नहीं कराया तो उसने अपने सोने के बिस्किट वापस देने की मांग आरोपी से की।
आरोपी मुकर गया
इस पर आरोपी मुकर गया कि उसने उससे कोई सोने बिस्किट कभी लिये थे। परिवादिया ने बताया कि वह अपने बिस्किट वापस पाने आरोपी के घर पहुंच गई तो आरोपी ने उसे गालियां निकाली और वहां से धक्के देकर निकाल दिया।
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471, 406, 323, 341 तथा 156 (3) सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एएसआई रामभरोसी को सौंपी गई है।


