दीपावली पर मुख्य बाजारों व अन्य स्थानों पर नहीं लगने दी जाएगी अस्थाई दुकानें : कलक्टर

devaali
devaali bikaner

चौराहों पर चारा बेचने वालों को भी पुलिस से करवायेंगे पाबंद

बीकानेर, (समाचार सेवा)। दीपावली पर मुख्य बाजारों व अन्य स्थानों पर नहीं लगने दी जाएगी अस्थाई दुकानें : कलक्टर, दीपावली पर शहर के मुख्य बाजारों तथा अन्य प्रमुख स्थलों पर अस्थायी दुकान लगाकर कुछ रुपये कमाने वालों को शायद इस बार दीपावली पर मुख्य बाजारों में दुकान लगाकर रुपये कमाने का अवसर ना मिले।

कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम ने अपने अधीनस्थों को यह निर्देश दिये हैं कि दीपावली के दौरान मुख्य मार्केट और अन्य स्थानों पर अस्थाई दुकानें ना लगने दी जाए। कलक्टर के अनुसार दीपावली पर मुख्य बाजारों में लगने वाली अस्थायी दुकानों से लोगों को आने जाने में परेशानी होती है। उन्होंने इस बार अस्थायी दुकानें ना लगें इसके लिए पुख्ता व्यवस्था करने का निर्देश सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को दिये हैं। 

कलेक्टर ने कहा कि पटाखे केवल निर्धारित स्थानों पर ही बिक्री के लिए उपलब्ध हो यह सुनिश्चित किया जाए। पटाखों की अवैध बिक्री की सूचना अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर को तुरंत दी जाए, ताकि इस सम्बंध में कार्यवाही की जा सके। कलेक्टर ने कहा कि चौराहे व मंदिरों के पास जो लोग गाडे पर चारा बेचते दिखें उनकी सूची बनाएं तथा उन्हें थाने में बुला कर पाबंद करवाएं। वहीं कलक्टर ने दीपावली के मद्देनजर शहर में प्रकाश, सफाई व्यवस्था तथा सड़क पुनर्निर्माण आदि दुरूस्त रखने के भी निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए अन्यथा सम्बंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम, यूआईटी, आरयूआईडीपी, अमत, पीडब्ल्यूडी सहित समस्त सम्बंधित एंजेसियां समन्वय करते हुए दीपावली से पहले सड़क रिस्टोरेशन, पेचवर्क, मरम्मत सहित समस्त कार्य दीपावली से पूर्व गुणवत्ता के साथ पूर्ण करवाएं। गौतम ने कहा कि जो सड़के डीएलपी के तहत आती हैं उनके रिस्टोरेशन का कार्य सम्बंधित एंजेसी से सुनिश्चित करवाएं तथा रिपोर्ट दें।

यदि ऐसी सड़कों को सही नहीं किया गया तो सम्बंधित अधिशाषी अभियंता के खिलाफ लापरवाही बरतने के लिए कार्यवाही करें। गौतम ने निर्देश दिए सफाई के लिए एक विशेष अभियान चलाएं और अत्यधिक गंदे रहने वाले 25 प्वाइंट चिन्हित कर वहां प्राथमिकता से कचरा उठवाएं। इन स्थानों को जीरो गारबेज प्वाइंट के रूप में डवलप करें। कलेक्टर ने कहा कि दीपावली के दौरान मुख्य मार्केट और अन्य स्थानों पर अस्थाई दुकानें ना लगे ताकि लोगों को आने जाने में परेशानी ना हो।

इसके लिए पुख्ता व्यवस्था की जाए, सम्बंधित विभाग के अधिकारी अपने अधीनस्थों को इस संबंध में निर्देश दें। गौतम ने निगम आयुक्त प्रदीप के गवाडे से कहा कि यदि काम नहीं हो रहा है तो छुटियां रद्द की जाए। कलेक्टर ने कहा कि सभी बेसहारा पशुओं को दीपावली से पहले विशेष अभियान चला कर गौशालाओं में भिजवाया जाए।

सड़क के डिवाइडर आदि पर झाड़-झखाड, खरपतवार हटवाने की कार्रवाई करें। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रदीप के गवाडे, प्रशिक्षु आईएएस अभिषेक सुराणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर शैलेन्द्र देवड़ा सहित विभिन्न विभागों के सम्बंधित अधिकारी उपस्थित थे।