शुक्रवार 23 अगस्त 2019-बीकानेर के समाचार

23BKN PH-2

उषा जोशी,

बीकानेर, (समाचार सेवा)। शुक्रवार 23 अगस्‍त 2019-बीकानेर के समाचार, बीकानेर जिले के समाचारों को समाचार सेवा की वेबसाइट पर एक साथ उपलब्‍ध कराने का प्रयास किया गया है।  यह समाचार बुलेटिन नियमित रूप से अपडेट होता रहेगा।

इससे samacharseva.in के पाठक दिन में एक ही पोस्‍ट को अलग-अलग समय में खोलकर अपडेट समाचारों से अवगत हो सकेंगे।

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697  

प्रदेश में महिलाओं की आबरू खतरे में : भाजपा

कर्मचारी मैदान में धरने में उमड़े भाजपा नेता-कार्यकर्ता

उषा जोशी,

बीकानेर, (समाचार सेवा)। भारतीय जनता पार्टी की शहर व देहात इकाई ने राज्य सरकार पर प्रदेश की कानून और व्यवस्था चौपट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं की आबरू खतरे में है। इस संबंध में भाजपा नेताओं ने राज्यपाल के नाम का एक ज्ञापन भाटी कलक्टर को सौंपा।

??

शहर भाजपा डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य व देहात भाजपा अध्यक्ष व नोखा के विधायक बिहारीलाल बिश्नोई ने कहा कि राज्य सरकार की गलत नीतियों के विरोध में तथा प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था एवं महिला तथा दलित अत्याचार के विरोध में शासन-प्रशासन के खिलाफ पार्टी के आदेश के अनुसार धरना दिया गया। धरना स्थल पर हुई सभा को संबोधित करते हुए दोनों नेताओं ने कहा कि कांग्रेस राज में कानून व्यवस्था के बिगड़े हालातों की पीड़ा सबसे अधिक महिलाओं को भोगनी पड़ रही  है।

डॉ. आचार्य व विधायक बिश्नोई ने कहा कि बीकानेर सहित प्रदेश भर में हुए महिला अत्याचार एवं प्रताडना की घटनायें बढ़ी हैं। कांग्रेस राज में प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमरा गई है। इन नेताओं ने कहा कि कांग्रेस राज में प्रदेश में आमजन सीधे रूप से अपराधियों के निशाने पर है। युवतियों को अगुवा कर उनका गैंगरेप किया जा रहा है। सभा में लूणकरणसर विधायक सुमित गोदारा ने कहा कि कांग्रेस राज में नौकरशाही हावी होने से आमजन की दूर जनप्रतिनिधियों की सुनवाई भी नहीं हो रही है।

??

धरने में बीकानेर के महापौर नारायण चौपड़ा खाजूवाला के पूर्व विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, शहर भाजपा महामंत्री मोहन सुराणा, पाबूदान सिंह राठौड़, महिला मोर्चा अध्यक्ष मधूरिमा सिंह, पूर्व शहर अध्यक्ष विजय आचार्य सहित सैकडों नेता-कार्यकर्ता शामिल रहे।

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

गैंगरेप की शिकार मृत युवती की स्कूटी बरामद

एमएस कॉलेज की छात्राओं ने पुलिस के रवैये पर उठाये सवाल

उषा जोशी,

बीकानेर, (समाचार सेवा)। सादुलगंज निवासी युवती से गैंगरेप व युवती की हत्या करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार दो आरोपियों सुमेर सिंह व बृजपाल सिंह की निशानदेही पर शुक्रवार को उरमूल चौराहे से मृतका की स्कूटी बरामद की। आंशका जताई जा रही है कि आरोपियों ने युवति की अश्लील वीडियो क्लिप बना रखी थी जिसे वायरल करने की धमकी देकर वे युवती को लगातार ब्लेकमेल कर रहे थे।

इस तथ्य की पुष्टी के लिये पुलिस मृतक युवती का मोबाईल बरामद करने के प्रयास कर रही है। जांच अधिकारी सीओ सदर भोजराज सिंह ने बताया कि इस मामले के तीसरे आरोपी मोहित विश्रोई और एक अन्य से भी पूछताछ चल रही है। जानकारी में रहे कि बीकानेर शहर में सार्दुलगंज की रहने वाली 24 वर्षीय युवती गत 18 अगस्त को संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। 18 अगस्त की शाम को ही युवती का जला हुआ शव लूणकरणसर में नहर में बरामद हुआ था।

युवती के पिता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि आरोपी छतरगढ थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत राजासर भाटियान के सरपंच प्रतिनिधि सुमेर सिंह राजपूत पुत्र सुगन सिंह 28, जालोर जिले में चितवलाना पुलिस थाना क्षेत्र के गांव सिलोसन पोस्‍ट होथी गांव निवासी बजृपालसिंह चारण पुत्र अर्जुनदास 21, मोहित बिश्नोई और अन्य लोगों ने मिलकर उसकी पुत्री का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया और हत्या कर नहर में फेंक दिया।

कॉलेज विधार्थियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

युवती से गैंगरेप व हत्या के मामले में पुलिस जांच से नाराज कॉलेज विधार्थियों ने डूंगर कॉलेज में प्रदर्शन किया। छात्रों ने वहां बहना हम शर्मिन्‍दा हैं तेरे कातिल जिदा हैं नारे लगाये। वहीं एमएस कॉलेज की छात्राओं ने शुक्रवार को सड़क को जाम की। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। विधार्थियों का कहना है कि शहर में इतनी बड़ी वारदात होने पर भी पुलिस मौन है। छात्राओं ने सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

स्वामी केशवानंद कृषि विश्वविद्यालय  

प्रो. रक्षपाल सिंह ने कुलपति का पदभार संभाला

उषा जोशी,

बीकानेर, (समाचार सेवा)। सरदार वल्लभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ के प्रो. रक्षपाल सिंह ने शुक्रवार को बीकानेर में स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विवि के कुलपति का पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान कुलपति प्रो. विष्णु शर्मा ने उन्हें कार्यभार सौंपा। इस अवसर पर प्रो. सिंह ने कहा कि कृषि एवं कृषक कल्याण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. राजेश शर्मा, डॉ. एस. पी. पुरोहित, वित्त नियंत्रक बी. एल. सर्वा, प्रो. एस. के. शर्मा, प्रो. एस. एल. गोदारा, प्रो. एन. के. शर्मा, प्रो. आई. पी. सिंह, प्रो. वीरसिंह, प्रो. विमला डुकवाल, प्रो. सुभाष चंद्र, प्रो. आर. एस. यादव, प्रो. मीनाक्षी चौधरी, डॉ. पी. एस. शेखावत, डॉ. ए. के. शर्मा, डॉ. एम. एम. शर्मा, इंजी. विपिन लढ्ढा, इंजी. जे. के. गौड, दिनेश चूरा आदि मौजूद रहे।

इससे पूर्व विश्वविद्यालय के शैक्षणेत्तर कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष रतनसिंह शेखावत, उपाध्यक्ष महेन्द्र सिंह, सूरज रतन रंगा, महेन्द्र पंवार, रूप सिंह राठौड़, रणबीर सिंह, रतनसिंह राजपुरोहित, भवानी सिंह राठौड़, विक्रम तथा जयराम ने कुलपति का स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि बुधवार को ही राजस्थान के राज्यपाल ने प्रोफेसर रक्षपाल सिंह को एसकेआरएयू का कुलपति नियुक्त किया था।

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

किशन आजाद की पार्थिव देह पंचतत्व में विलीन

पुत्र सहित दोनों पुत्रियों ने दिवंगत पिता की अर्थी को दिया कांधा

उषा जोशी,

बीकानेर, (समाचार सेवा)। किशन आजाद की पार्थिव देह पंचतत्व में विलीन, सूचना एवं जनसंपर्क उपनिदेशक तथा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निजी स्टाफ के सदस्य किशन कुमार आजाद की देह शुक्रवार को यहां जस्सूसर गेट के बाहर व्यास समाज के मोक्षगृह वैकुंठधाम में शोकमग्न माहौल के बीच पंचतत्व में विलीन हो गई। स्व. आजाद के पुत्र एडवोकेट घनश्याम व्यास ने पार्थिव देह को मुखाग्रि दी।

मिलनसार व्यक्तित्व के धनी रहे किशन कुमार आजाद के अंतिम संस्कार में भारी जन सैलाब उमड़ पड़ा। इससे पहले शहर में व्यासों के चौक से रवाना हुई दिवंगत किशन कुमार आजाद की अर्थी को उनकी दोनो पुत्रियों ने रूंधे गले से कंधा दिया।

उनकी अंतिम यात्रा में परिवार और समाज के गणमान्य जन सहित शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नूर मोहम्मद गौरी, समाजवादी नेता नारायण दास रंगा, शहर कांग्रेस के उपाध्यक्ष एडवोकेट हीरालाल हर्ष, श्रीप्रकाश सांखला, कमल कल्ला, भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी, जयपुर में तैनात जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मनमोहन हर्ष,

वेटरनरी विश्वविद्यालय बीकानेर के जनसंपर्क अधिकारी दिनेशचन्द्र सक्सेना, कृषि विवि बीकानेर के जन संपर्क अधिकारी हरिशंकर आचार्य, पूर्व जन संपर्क कर्मी राजेन्द्र भार्गव, पत्रकार आरके जैन, श्याम शर्मा, दीपचंद सांखला, नीरज जोशी, बीकानेर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष सुरेश बोड़ा, पूर्व पार्षद भानु व्यास,  समेत बड़ी तादाद में गणमान्यजन शामिल रहे।

जानकारी में रहे कि जन संपर्क विभाग के पूर्व उप निदेशक किशन कुमार आजाद का लंबी बीमारी के बाद गुरुवार शाम जयपुर में निधन हो गया। वे 64 वर्ष के थे। पत्रकार से जनसंपर्क अधिकारी बने किशन कुमार आजाद पत्रकार और बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष रहे स्व. ललित आजाद के पुत्र थे। वे लीवर एवं कैंसर की बीमारी से ग्रस्त थे और जयपुर के एसएमएस अस्पताल में गुरुवार रात 9 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

किशन कुमार आजाद के उपचार के लिए मुख्यमंत्री भी चिंतित रहे और उन्होंने दिल्ली के एलबीएस अस्पताल में और बाद में भगवान महावीर कैंसर अस्पताल में उनके इलाज की विशेष व्यवस्था करवाई थी। भगवान महावीर कैंसर अस्पताल में तो मुख्यमंत्री उनके हाल जानने भी पहुंचे थे।

सजग पत्रकार थे आजाद

किशन कुमार व्यास ने अपने पिता ललित कुमार आजाद के समाचार पत्र दैनिक कलम के प्रकाशन में सहयोग के साथ ही पत्रकारिता सीखनी शुरू की। बाद में वे दैनिक नवज्योति के बीकानेर ब्यूरोचीफ बने। इसके बाद वे जनसंपर्क विभाग में सहायक जनसंपर्क अधिकारी बने। जयपुर में जनसंपर्क अधिकारी रहते वे राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के राष्‍ट्रीय पर्व के अवसरों पर पढ़े जाने वाले भाषण बनाने की टीम के सदस्य बने।

कुछ वर्ष पहले किशन कुमार आजाद राज्य में कांग्रेस के प्रमुख नेता अशोक गहलोत टीम से जुड़े हुए थे। गहलोत के मुख्यमंत्री पद और विपक्ष में रहते समय भी वे उनकी टीम में बने रहे।  आजाद अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र एवं दो पुत्रियों का भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं। आजाद के निधन का समाचार सुनकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आजाद उनके निजी स्टाफ के ही नहीं बल्कि परिवार के सदस्य की तरह थे।

मिलनसार इंसान थे किशन आजाद डॉ. कल्‍ला

ऊर्जा मंत्री डॉ. बी.डी.कल्ला ने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के पूर्व उप निदेशक किसन कुमार व्यास ’आजाद’ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आजाद ने पत्रकारिता से अपने करियर की शुरूआत की तथा बाद में जनसंपर्क अधिकारी के रूप में सेवाएं देते हुए अपनी विशेष पहचान बनाई। सूचना एवं जनसंपर्क में वे निष्ठावान और कर्मशील अधिकारी के रूप में जाने जाते थे। शोध एवं संर्दभ शाखा और साहित्य शाखा में रहते हुए उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए  आज भी याद किया जात हैं। डॉ. कल्ला ने कहा कि दैनिक नव ज्योति में रहते हुए भी आजाद ने अपनी लेखनी की छाप छोडी थी।  

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

देहात कांग्रेस अध्यक्ष ने सीएम गहलोत को दिल्ली में सौंपा ज्ञापन

उषा जोशी,

बीकानेर, (समाचार सेवा)। देहात कांग्रेस के अध्यक्ष महेन्द्र सेन गहलोत ने शुक्रवार को दिल्ली के जोधपुर हाउस में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिलकर बीकानेर देहात क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति सुचारु करवाने की मांग की।

देहात अध्यक्ष ने बताया कि बीकानेर के ग्रामीण क्षेत्र में फ्लोराईड युक्त पानी होने की वजह से पीने की पानी की भारी कमी है, जिसे पूरा किया जाना जरूरी है। देहात अध्यक्ष ने इस मूलभूत समस्या के साथ क्षेत्र में शिक्षकों की कमी, चिकित्सकों की कमी सहित अनेक समस्याओं से सीएम को अवगत कराते हुए समाधान की मांग की।

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

विद्यार्थियों के आदर्श होते हैं शारीरिक शिक्षक : कल्ला

उषा जोशी,

बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर फाउंडेशन संस्था के सचिव  कमल कल्ला ने कहा कि शारीरिक शिक्षक विद्यार्थियों के आदर्श शिक्षक होते हैं। कल्ला शुक्रवार को महिला मंडल स्कूल में माध्यमिक, उच्च माध्यमिक शिक्षा के शारीरिक शिक्षकों की दो दिवसीय वाकपीठ संगोष्ठी के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना, सजग रहना बहुत ही आवश्यक है।

इस कार्य में शारीरिक शिक्षकों की भूमिका महत्त्वपूर्ण है। समारोह के मुख्य अतिथि एडीएम सिटी शैलेंद्र देवड़ा, समारोह अध्यक्ष माध्यमिक शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक सुरेंद्र सिंह भाटी, विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी राजकुमार शर्मा व जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक उमाशंकर किराडू ने भी शारीरिक शिक्षकों की विशेष भूमिका  पर अपनी बात कही। वाकपीठ संगोष्ठी के अध्यक्ष रामेश्वर ओझा व सचिव शिवकरण बिश्नोई और उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा धर्मपाल सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।

समारोह में एथलेटिक्स के प्रशिक्षक स्व. पूर्णाराम बेनीवाल की स्मृति में एक पुरस्कार शारीरिक शिक्षक पूनमराम सारण को दिया गया। स्वाधीनता दिवस के मुख्य समारोह में सहयोग करने वाली पांच स्कूलों के प्राचार्य का सम्मान भी संगोष्ठी में किया गया। संगोष्ठी में कांता जांगिड़, विनोद चौधरी, पूनमराम सारण ने विचार रखे। शीला चूरा ने कविता पेश की। कार्यक्रम में रामकुमार, रामेंद्र हर्ष, हर्षवर्धन, अशोक व्यास, सुरेंद्र हर्ष, धर्म सिंह यादव, एनडी पनिया, आनंद रंगा उपस्थित रहे। संचालन ज्योतिप्रकाश रंगा ने किया।

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

बाल कृष्ण सज्जा प्रतियोगिता में गौरव व्यास अव्वल

उषा जोशी,

बीकानेर, (समाचार सेवा)। छात्र गौरव व्यास ने शुक्रवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रघुनाथसर कुआ स्थित आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित बाल कृष्ण सज्जा प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में जयवीर खींची ने द्वितीय तथा शिवांश स्वामी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अस अवसर पर हुए समारोह की अध्यक्षता बुंदेलासिंह ने की।

प्राधानाचार्य घनश्याम व्यास ने बताया कि बाल कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता में अरुण से द्वितीया कक्षा तक के 18 भैया-बहिनों ने भाग लिया। समारोह में छात्राओं द्वारा रास लीला तथा पंचामृत अभिषेक किया गया। समारोह स्थल ‘जय कन्हैयाल लाल की’ के जयकारों से भक्तिमय हो गया। समारोह में धनराज सोनी, कालूराम उपाध्याय, रामसुखलाल प्रजापत, बबिता राठी, मधु खत्री, सरला, अलका राठी, सीमा माथुर तथा सुधा पेड़िवाल आदि मौजूद रहे। संचालन बिंदु शर्मा ने किया।

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

जूनागढ़ के सामने से हटाये गए फास्टफूड ठेला-गाड़ा संचालकों ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

उषा जोशी,

बीकानेर, (समाचार सेवा)। जूनागढ़ के सामने से हटाये गए फास्ट फूड ठेले गाड़े वालों ने शुक्रवार को टाइगर यूनियन के बैनर तले कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन कर रोष जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रशासन ने उन्हें जूनागढ़ से तो हटा दिया मगर उनके रोजगार के लिये कोई दूसरा स्थान चिन्हित करके नहीं दिया है। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ठेले गाड़ेवालों के इस प्रदर्शन की अगुवाई टाइगर यूनियन के अध्यक्ष युधिष्ठर सिंह भाटी ने की। प्रदर्शनकारियो के अनुसार प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद उनके सामने अब रोटी-रोजी का संकट आ गया है। बच्चों व परिवार के वृद्धों को पोषित करने का कोई रास्ता नहीं दिखाई दे रहा है। टाइगर यूनियन के अध्यक्ष युधिष्ठर सिंह भाटी ने कहा कि शहर में वेडिंग जोन की प्रकिया लंबे समय से फाईलों में दफन है।

इसलिये ठेले गाडे वालो को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने गुरूवार को सख्ती दिखाते हुए जूनागढ़ के सामने से फास्ट फूड वालों को हटा दिया लेकिन उनके लिये कोई जगह निर्धारित नहीं की। इस मामले  में यातायात निरीक्षक प्रदीप चारण ने कहा कि नगर निगम ने जूनागढ़ के सामने का क्षेत्र नोन वेंडिंग जोन घोषित किया हुआ है। इसके बावजूद यहां फास्ट फूड, जंक फूड सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के ठेले लग जाते थे जिससे रात 12 बजे तक यह रास्ता जाम रहता। 

उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस को निगम से मिले पत्र के आधार पर ही जूनागढ़ क्षेत्र को खाली कराया गया है। इस जगह पर फास्ट फूड के ठेले गाड़े वापस ना लगाये जा सके इसलिए आरएसी के जवान यहां तैनात किए गए हैं।

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697