संस्कृति मंत्री डॉ. कल्ला ने किया हेरिटेज वॉक का शुभारंभ

डॉ. बी. डी. कल्‍ला, मंत्री राजस्‍थान सरकार।
डॉ. बी. डी. कल्‍ला, मंत्री राजस्‍थान सरकार।

बीकानेर, (samacharseva.in)। अंतरराष्‍ट्रीय ऊंट उत्सव के आयोजित हेरिटेज वॉक का शुभारंभ रविवार सुबह कला, साहित्य एवं संस्कृति मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने किया। हेरिटेज वॉक की शुरुआत रामपुरिया हवेली से हुई। हैरिटेज वॉक के दौरान केबिनेट मंत्री डॉ. कल्ला मावा पट्टी से मोहता चौक तक विन्टेज खुली जीप में सवार हुए।

जीप में बैठे डॉ. कल्ला आमजन व पर्यटकों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। हेरिटेज वॉक में देसी विदेशी सैलानी मार्ग से गुजर रहे थे उस दौरान दुकानदारों ने सौलानियों को विभिन्न तरह के व्यंजन, पान, दूध खिला-पिलाकर अपनी भावनाएं प्रकट की, वहीं पूरे रास्ते में अपने घरों से लोग इस हेरिटेज वॉक में शामिल लोगों पर पुष्प वर्षा कर रहे थे। जगह-जगह स्वागत और सत्कार का माहौल ऐसा था, मानो पूरा शहर किसी नई नवेली दुल्हन के स्वागत में जिस तरह पलक पांवडे बिछा रहा हो। पूरी शोभायात्रा का सम्मान ऐसे हो रहा था, मानो पूरा शहर एक इकाई बन गया हो और यात्रा में शामिल सभी लोग अतिथि देवो भव: सा महसूस कर रहे थे।

जैसे-जैसे काफिला आगे बढ़ता गया और लोग अपने घरों से वॉक में शामिल लोगों पर पुष्प वर्षा कर रहे थे और साथ ही अलग-अलग स्थानों पर लोगों ने फूल मालाएं सैलानियों को पहनाकर अपने शहर की संस्कृति का परिचय दिया। हेरिटेज वॉक जब रामपुरिया की हवेली से आगे जा रही थी, तो वहां लगे पाटों पर लोग चैसर का खेल खेल रहे थे। उपस्थित लोगों ने सैलानियों से भी आग्रह किया और औपचारिक रूप से देशी-विदेशी सैलानियों ने भी चौसर का खेल खेला।

हेरिटेज वॉक रामपुरिया हवेली के पास से होते हुए मावा पट्टी के पास से मोहता चौक में पहुंची। यहां लोगों ने अनेक सैलानियों  को पहले दूध पिलाया और पान भी दिया। मोहता चौक के पाटे पर ही होली के समय खेली जाने वाली रम्मत का आयोजन हो रहा था, जहां कुछ देर रुक कर उन्होंने रम्मत का लुत्फ उठाया। आगे मरूनायक चौक के पास लगे पाटे पर भी चल रही रम्मत को देखकर सैलानियों ने पाटे पर चढ़कर रम्मत वालों की हौसला अफजाई की।

हेरिटेज वॉक जब सब्जी मंडी पर पहुंची तो यहां पर सबसे लंबी मूंछों वाले गिरिराज व्यास एक मंच पर खड़े मूछों का प्रदर्शन कर रहे थे। सामने सब्जी बाजार में ही वर्षों से दूध की कढ़ाई लगाने वाले दुकान के मालिक ने आकर सैलानियों को मलाई भी खिलाई। इंडिया बुक रिकॉर्ड मे नाम दर्ज करवा चुके साफा विशेषज्ञ पवन व्यास एवं लोकेश व्यास ने विदेशी पर्यटकों को राजस्थान के विभिन्न समाजों मे बाँधे जाने वाले साफे हाथों की अंगुलियों पर पहनाये।

ड्राई फ्रूट से स्वागत 

हेरिटेज वॉक जब दांती बाजार में पहुंची, तो यहां बड़ी संख्या में खड़े लोगों ने वॉक में शामिल लोगों को ड्राई फू्रट खिलाकर उनका स्वागत किया। सैलानियों ने रवि आचार्य ‘पप्पू काका’ की दुकान में जाकर पान खाया। लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर के गणेशजी मंदिर में ंबारह गुवाड़ के कलाकारों ने नौटंकी शहजादी रम्मत की बानगी पेश की वहीं बीकानेरी चित्रकला शैली के चित्र, जड़ाऊ गहनों, ईसर गणगौर का प्रदर्शन किया गया। यात्रा में गुजरात के कलाकार आदिवासी लोक नृत्य करते चल रहे थे।

20 वर्षों से बंद फव्वारा हुआ प्रारं

ऊंट उत्सव पर निकाली गई हेरिटेज वॉक का समापन लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में हुआ। परिसर में 20 वर्षों से अधिक समय तक बंद रहे फव्वारे को आज पुन: प्रारंभकर दिया गया। फव्वारे को प्रारंभ करने में तकनीकी समस्या यह थी कि फव्वारे के नीचे पेड़ की जड़ें होने के कारण फव्वारे के तल में पानी नहीं ठहर पा रहा था। फव्वारे में भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित की गई है और इस प्रतिमा पर लगातार फव्वारे से पानी की धार चलती रहेगी। 

सैलानियों ने की खरीददारी

हैरिटेज वॉक के दौरान सैलानियों ने बाजार में स्थित दुकानों पर श्रीयंत्र, पूजा के बर्तन व उस्ता कला की ऊंट की खाल पर की गई सोने की नक्काशी को देखकर सराहना की। उन्होंने पूजा के बर्तनों की खरीददारी भी की। इस दौरान अतिथियों ने विभिन्न दुकानों पर स्थानीय व्यजनों का स्वाद लिया।