बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल में दो फाड़ तय

BIKANER VYAPAR UDHYOG MANDAL BIKANER
BIKANER VYAPAR UDHYOG MANDAL BIKANER

बीकानेर, 7 जुलाई। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल में दो फाड़ तय, बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल का दो फाड़ होना तय हो गया है। दूसरे गुट की ओर से रविवार 8 जुलाइ को चुनाव कराए जा रहे हैं।

अध्यक्ष पद के लिए सीधा मुकाबला होगा जिसमें जुगल राठी और वीरेंद्र किराड़ू मैदान में है। चुनाव अधिकारी सुभाष जोशी के अनुसार चुनाव में 43 संस्थाओं के कुल 325 मतदाता मतदान में हिस्सा लेंगे।

DAINIK NAVAJYOTI BIKANER 9 JULY 2018
DAINIK NAVAJYOTI BIKANER 9 JULY 2018

रविवार को राजीव गांधी मार्ग पर स्थित एकांउटेंट एसोसिएशन के कार्यालय में सुबह 9 बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। इसके तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।

मतदाताओं के रुझान के हिसाब से राठी का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है। दूसरे गुट में कांग्रेस के पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी.कल्ला के समर्थकों की संख्या ज्यादा है। इस चुनाव के बाद व्यापारियों की इस प्रतिष्ठित संस्था का दो फाड़ होना तय   हो गया है।

व्यापार उद्योग मंडल का कार्यालय मॉडर्न मार्केट में है जहां पर 19 जून को साधारण सभा की बैठक में सर्वसम्मति से निर्वाचित अध्यक्ष रघुराज सिंह और महामंत्री पं. जयदेव शर्मा बैठते हैं।

रविवार को हो रहे व्यापारियों के दूसरे गुट के चुनाव के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारी कहां बैठेंगे यह तय नहीं है।

तय है टकराव

नए पदाधिकारी मॉडर्न मार्केट स्थित कार्यालय में प्रवेश करने का प्रयास करेंगे तो टकराव तय है और अलग बैठेंगे तो दो संगठन संचालित होने तय है।

उधर, एक नए घटनाक्रम में राजस्थान उच्च न्यायालय ने विष्णु पुरी बनाम बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के गत 10 अप्रेल की अपील वापस के मामले में यह माना है कि संस्था के चुनाव 19 जून 2018 को हो चुके हैं।

इसके बाद दूसरे गुट के चुनाव की वैधानिकता पर ही सवाल खड़ा हो जाता है।

चुनाव के लिए मांगी पुलिस सुरक्षा

दूसरे गुट ने रविवार को होने वाले चुनाव के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की है। वहीं दोनों उम्मीदवारों ने जनसंपर्क शुरू कर दिया है।

राठी और किराड़ू हर व्यापारी तक पहुंचकर वोट बटोरने के प्रयास में लगे हुए हैं।

इसमें रिश्तेदारों और नेताओं से दबाव डलवाने का प्रयास भी चल रहा है।

इनका कहना है

हमने तो अदालत के आदेश के बाद ही चुनाव कराए थे जिस पर अब उच्च न्यायालय की मुहर भी लग चुकी है। इसके बाद नए चुनाव की कोई वैधानिकता नहीं है।

जयदेव शर्मा

सचिव,

बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल